उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार सुबह एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट FZ-1133 को कम ईंधन के चलते सुबह 8:22 बजे उतारना पड़ा, जिससे एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
फ्लाइट में कुल 154 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित रखा गया और किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, यह फैसला पूरी तरह एहतियात के तौर पर लिया गया ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके। फिलहाल विमान एयरपोर्ट पर खड़ा है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इससे पहले भी इसी एयरपोर्ट पर 31 मार्च को एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को इमरजेंसी में उतारना पड़ा था। बागडोगरा से दिल्ली जा रही उस फ्लाइट में धुएं का संकेत मिलने के बाद पायलट ने ‘पैन-पैन’ कॉल जारी किया था। हालांकि उस दौरान भी सभी यात्री और क्रू सुरक्षित रहे थे।
एयरलाइंस की ओर से कहा गया था कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को डायवर्ट किया गया और सभी जरूरी प्रोटोकॉल का पालन किया गया। साथ ही यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया गया।
