मुरादाबाद। शनिवार को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के साथ थाना भगतपुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव और विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया गया।

इस दौरान अधिकारियों ने थाना भगतपुर में संचालित मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, संपत्ति गृह, भोजनालय, बैरक, थाना कार्यालय एवं सीसीटीएनएस कार्यालय का क्रमवार निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय अभिलेखों की स्थिति, उनकी अद्यतन प्रविष्टियों तथा साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने रजिस्टर संख्या-08 को समयबद्ध तरीके से अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और तत्परता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि थानों की कार्यप्रणाली में सुधार और जनसुनवाई की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण बेहद आवश्यक है। इससे न केवल पुलिस कार्य में पारदर्शिता आती है, बल्कि आमजन का विश्वास भी मजबूत होता है।
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ को अनुशासन, समयपालन और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी गई।
