मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति ने शनिवार को मुरादाबाद स्थित सर्किट हाउस सभागार में मुरादाबाद और रामपुर जनपद के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति अश्विनी त्यागी ने की, जिसमें सदस्य मानवेंद्र सिंह, पवन कुमार सिंह तथा विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में एमएलसी भूपेंद्र चौधरी, गोपाल अंजान और जयपाल सिंह व्यस्त मौजूद रहे।
बैठक में सभापति ने जनप्रतिनिधियों द्वारा विभागों को भेजे गए पत्रों पर की गई कार्रवाई और उनके अभिलेखीकरण की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास के दौरान लगाए जाने वाले शिलापट्टों में शासनादेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विकास योजनाओं के निर्माण में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर उनके प्रस्तावों को शामिल करने पर जोर दिया।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) के उपाध्यक्ष की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए सभापति ने कारणों की जानकारी ली। सचिव द्वारा बताया गया कि उपाध्यक्ष लखनऊ में शासकीय कार्य से गए थे और वर्तमान में अवकाश पर हैं। वहीं, आवास विकास के अधीक्षण अभियंता महेंद्र कुमार द्वारा जनप्रतिनिधियों से संवाद को लेकर संतोषजनक जानकारी न देने पर उन्हें लखनऊ तलब किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बीते एक वर्ष में 19 नई पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं और प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सभापति ने प्रबंधन समितियों द्वारा शासनादेश की अनदेखी पर चिंता जताई और मनमानी पर रोक लगाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा में अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार को निर्देशित किया गया कि बिजनेस प्लान तैयार करते समय जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल किया जाए। साथ ही जिला विद्युत समिति की बैठक नियमित रूप से तीन माह में कराने के निर्देश भी दिएu गए।
कृषि विभाग की समीक्षा में मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक किसानों को कार्ड जारी करने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पंचायत राज विभाग से अंत्येष्टि स्थलों की स्थिति पर रिपोर्ट ली गई, जबकि वन विभाग से तेंदुआ हमलों में प्रभावित लोगों को दी जा रही सहायता की जानकारी मांगी गई।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड जारी करने में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल सहित मुरादाबाद व रामपुर के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
