मुरादाबाद। जनपद के भोजपुर थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 10 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 2 बजे की है। पीड़िता, जो कक्षा की छात्रा बताई जा रही है, बाजार से कपड़ों के लिए बटन और धागा लेने गई थी। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे जावेद अली पुत्र हिदायत अली, निवासी ग्राम गजरौला सैद, थाना भोजपुर, ने किशोरी का जबरन अपहरण कर लिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बाजार में खुलेआम धमकी दी कि वह लड़की को लेकर जा रहा है, अगर किसी ने पीछा किया या विरोध किया तो अंजाम गंभीर होगा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किशोरी की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना भोजपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “घटना की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर दी गई है और किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं।”
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द किशोरी की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है@जफर-INN
