तमिलनाडु के विरुधुनगर में सोमवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसके बाद पूरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। यह हादसा सत्तूर के पास मदाथुपट्टी इलाके में हुआ, जहां धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद भी कुछ समय तक लगातार धमाकों की आवाजें आती रहीं, जो कई किलोमीटर दूर तक सुनी गईं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की दीवारें ढह गईं और चारों ओर मलबा फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि अभी तक किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और घायलों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है।
