मुरादाबाद। आगामी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के साथ मय पुलिस बल थाना ठाकुरद्वारा के कस्बा क्षेत्र में पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) किया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। अंबेडकर जयंती पर निकलने वाली झांकियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से भी संवाद स्थापित किया गया और उन्हें आगामी पर्व को आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही, लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि त्योहार के मद्देनज़र क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलने से रोका जा सके।

पुलिस प्रशासन द्वारा की गई इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है और आमजन ने भी पुलिस के इस प्रयास की सराहना की है।
