अमरोहा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी की ‘पीडीए चौपालों’ के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘चलो गांव की ओर’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर चौपालों का आयोजन तेज कर दिया है। पार्टी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर हाल के समय में बनी दूरी को कम करना और अपनी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
इसी क्रम में अमरोहा के मंडी धनौरा स्थित कंचन बाजार के साईं महल में एक चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अमरोहा सांसद कंवर सिंह तंवर, धनौरा विधायक राजीव तरारा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी, भाजपा नेत्री एवं अमरोहा नगरपालिका अध्यक्षा श्रीमती शशि जेन, वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता राजीव अग्रवाल सहित जिला कार्यकारिणी के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार ‘चलो गांव की ओर’ अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा, ताकि गांव स्तर तक पार्टी की पहुंच मजबूत हो सके। इसे सपा की ‘पीडीए’ रणनीति के जवाब में भाजपा की सक्रिय ग्रामीण आउटरीच के रूप में देखा जा रहा है।

चौपाल में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को भी विस्तार से बताया गया। मुख्य अतिथि सांसद कंवर सिंह तंवर और विधायक राजीव तरारा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने रामलीला मैदान बचाने के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ नेता एवं उद्यमी राजीव अग्रवाल को मंत्री पद पर नियुक्ति पर बधाई दी, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।

भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को और मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ. बीएस जिंदल, भगत राम मित्तल, कृष्ण गोपाल, पवन अग्रवाल, सभासद अशोक घरोंटिया, भाजपा कार्यकर्ता बृजेश अग्रवाल, युवा उद्यमी सूरज अग्रवाल, कमल अग्रवाल, नरेंद्र कटारिया, महकपाल गुर्जर, यतेंद्र कटारिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने आगामी दिनों में इस अभियान को और अधिक गांवों तक विस्तार देने का संकल्प भी लिया।
