मुरादाबाद। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मुरादाबाद देहात क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम आयोजित किए। देहात सपा विधायक हाजी नासिर के नेतृत्व में नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर के मोहल्ला जाटवोवाला, सेहल तथा ग्राम बारूभूड़ा सहित करीब आधा दर्जन गांवों में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया।

मंगलवार को आयोजित इन गोष्ठियों की अध्यक्षता करते हुए विधायक हाजी नासिर ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर आधुनिक भारत के शिल्पकार थे, जिन्होंने देश को एक सशक्त और समतामूलक संविधान दिया। उनका स्पष्ट मानना था कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो इसे पिएगा वह दहाड़ेगा”—यह संदेश आज भी समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है।

विधायक ने कहा कि बाबा साहेब ने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। विपरीत परिस्थितियों में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का संविधान रचकर इतिहास रच दिया। उन्हें वर्ष 1990 में मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि समाज में व्याप्त ऊंच-नीच की भावना व्यक्ति के कर्मों से नहीं, बल्कि सामाजिक सोच से उत्पन्न होती है, जिसे केवल शिक्षा के माध्यम से ही बदला जा सकता है। बाबा साहेब का दिया हुआ मंत्र—“शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो”—आज भी सामाजिक परिवर्तन का मूल आधार है।

कार्यक्रमों में देहात विधानसभा क्षेत्राध्यक्ष मोईन उद्दीन, सपा जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष गौरव चौहान, राकेश कुमार, किशन लाल, शिव लाल, सरवर मिर्जा, एजाज अजीजी, नवाब जान, जाकिर हुसैन, कैलाश कुमार, नरेश, राजू, रोहित, बृजेश कुमार, लकी और सुशील सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे@जफर-INN
