मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऊँचाकानी में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सहभागिता करते हुए बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने समाज को समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा एक सशक्त और समावेशी भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज के समय में बाबा साहेब के विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं, जो हमें हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने उपस्थित लोगों से बाबा साहेब के बताए मार्ग—समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय—पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि एक मजबूत समाज का निर्माण तभी संभव है, जब सभी को समान अवसर और अधिकार प्राप्त हों।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों और कार्यकर्ताओं ने भी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में श्रद्धा एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।
