Central Board of Secondary Education (CBSE) ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम 15 अप्रैल, बुधवार शाम को घोषित कर दिया है। करीब 25 लाख छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है। छात्र और अभिभावक फिलहाल उमंग ऐप के जरिए अपने नतीजे देख सकते हैं। खास बात यह है कि इस बार CBSE ने 12वीं से पहले 10वीं का रिजल्ट जारी किया है, क्योंकि इस साल से 10वीं के लिए दो चरणों में परीक्षा प्रणाली लागू की जा रही है।
इस वर्ष लगभग 25 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं बोर्ड परीक्षा दी थी। छात्र अपना रिजल्ट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट, CBSE रिजल्ट पोर्टल, डिजीलॉकर और उमंग ऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चेक कर सकते हैं।
ऑनलाइन रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “CBSE Class 10 Result 2026” लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रोल नंबर, स्कूल नंबर, जन्म तिथि और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज कर सबमिट करना होगा। रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड या प्रिंट किया जा सकता है।
CBSE ने 10वीं बोर्ड के दूसरे चरण की परीक्षा की भी घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 15 मई से 1 जून के बीच आयोजित की जाएगी। पहले चरण में शामिल छात्र अधिकतम तीन विषयों में सुधार परीक्षा दे सकेंगे।
पास होने के लिए छात्रों को कुल 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है, साथ ही प्रत्येक विषय में भी कम से कम 33 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। यदि कोई छात्र एक या दो विषयों में इससे कम अंक लाता है, तो उसे कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाएगा। वहीं, दो से अधिक विषयों में न्यूनतम अंक न लाने वाले छात्रों को अनुत्तीर्ण घोषित किया जाएगा।
