मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पैतृक खेत में खड़ी गेहूं की फसल काटने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सगे भाई और भतीजों द्वारा लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि उसकी पत्नी और सास गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 14 अप्रैल 2026 की है, जब हड्डी मिल के पास लाइनपार थाना मझोला निवासी सुरेश कुमार अपने खेत में खड़ी गेहूं की फसल काट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके सगे भाई विजय और उसके पुत्रों सहित अन्य लोगों ने वहां पहुंचकर फसल काटने का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और दरांती से सुरेश कुमार, उनकी पत्नी और सास पर हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी और सास का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस हरकत में आई और मृतक की साली की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 15 अप्रैल 2026 को चारों आरोपियों रंजीत, सुरजीत, विजय और सुभाष उर्फ सुंदरलाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार एक लाठी, एक लोहे का पाइप और एक दरांती भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हिमगिरी कॉलोनी के पास रेलवे लाइन के निकट स्थित पैतृक खेत के बंटवारे को लेकर उनका सुरेश कुमार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन जब सुरेश फसल काटकर ले जाने लगे तो उन्होंने विरोध किया, लेकिन न मानने पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से सुरजीत पर पहले से भी चोरी सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है@जफर-INN
