मुरादाबाद। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि तहसील सदर के ग्राम मोरा एहत्माली में स्वीकृत खनन पट्टे की सीमा से बाहर जाकर बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है।
जांच में पाया गया कि गाटा संख्या 1, 29, 31ख (स्वीकृत क्षेत्र) के अलावा गाटा संख्या 30 (ग्राम मोरा एहत्माली) और गाटा संख्या 304 (ग्राम भटावली) में कुल 20,144 घनमीटर साधारण बालू का अवैध खनन किया गया। इस पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पट्टाधारक रणवीर सिंह पर 76,97,520 रुपये का भारी जुर्माना अधिरोपित कर नोटिस जारी किया है।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि मण्डलायुक्त न्यायालय के आदेश (10 दिसंबर 2025) के तहत संबंधित गाटा के कृषकों को अपना पक्ष और साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। इसके लिए 9 फरवरी 2026 को नोटिस जारी कर 15 दिन का समय दिया गया, लेकिन करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद किसी भी कृषक ने अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब प्रशासन ने 93 कृषकों को एक और मौका देने का निर्णय लिया है। इसके लिए गांव में मुनादी कराकर सभा आयोजित की जाएगी, ताकि सभी प्रभावित पक्ष अपनी बात रख सकें।
इस क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त) को निर्देशित किया गया है कि वे 22 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे ग्राम भटावली के पंचायत भवन में स्वयं उपस्थित होकर किसानों की सुनवाई करें और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि अवैध खनन पर अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
