मुरादाबाद। बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश उ०प्र० राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की गाइडलाइन और जिलाधिकारी अनुज सिंह के आदेश के अनुपालन में जारी किए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय ने बताया कि लोगों को हीट वेव/लू से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर ध्यान दें और अधिक से अधिक पानी पिएं। हल्के रंग के ढीले और पसीना सोखने वाले कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय चश्मा, छाता या टोपी का इस्तेमाल करें।
उन्होंने सलाह दी कि जो लोग खुले में काम करते हैं, वे अपने सिर, चेहरे, हाथ और पैरों को गीले कपड़े से ढककर रखें और समय-समय पर आराम करें। यात्रा के दौरान अपने साथ पीने का पानी जरूर रखें और ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, छाछ जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
प्रशासन ने लोगों को हीट स्ट्रोक के लक्षणों—जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना या बेहोशी—को पहचानने की सलाह दी है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करने को कहा गया है।
इसके अलावा पशुओं के लिए भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें छायादार स्थानों पर रखें और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं। घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दों और दरवाजों का उपयोग करें तथा शाम या रात में वेंटिलेशन के लिए खिड़कियां खोलें। कार्यस्थलों पर ठंडे पानी की व्यवस्था रखें और श्रमसाध्य कार्य सुबह या शाम के समय करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने पर जोर दिया है। साथ ही आग से जुड़े कार्य सुबह के समय ही निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, क्या न करें के तहत बताया गया है कि बच्चों और पालतू जानवरों को बंद खड़ी गाड़ियों में न छोड़ें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें और गहरे रंग के तंग कपड़े न पहनें। अत्यधिक गर्मी के समय भारी काम करने और रसोई में अधिक समय बिताने से भी बचने की सलाह दी गई है।
अंत में प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन कम करें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं। साथ ही तेज हवा के दौरान खुले स्थानों पर आग या ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग न करने की अपील की गई है।
