मुरादाबाद। शहर की होनहार छात्रा कु. माहिबा शम्स ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने स्कूल में टॉप कर एक नया मुकाम हासिल किया है। माहिबा, एडवोकेट शम्सुर्रहमान शम्मी की सुपुत्री हैं, जो फलाहे दारैन इंटर कॉलेज मैनेजिंग कमेटी में ख़ज़ांची के पद पर भी कार्यरत हैं। उनकी इस शानदार सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे शहर में खुशी और गर्व का माहौल है।
माहिबा ने सेंट मेरी स्कूल से परीक्षा देते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और माता-पिता के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि निरंतर प्रयास और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर फलाहे दारैन इंटर कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, कॉलेज की जनरल बॉडी, समस्त स्टाफ, फलाहे मदरसा मस्जिद कमेटी तथा शम्सी खबरनामा की ओर से माहिबा को दिली मुबारकबाद दी गई। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि माहिबा आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करें।
मैनेजर शहज़ाद अनवर शम्सी ने दी शुभकामनाएं
फलाहे दारैन इंटर कॉलेज, मुरादाबाद के मैनेजर शहज़ाद अनवर शम्सी ने माहिबा की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा,
“माहिबा शम्स की यह उपलब्धि पूरे मुरादाबाद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। हमें पूरा विश्वास है कि माहिबा भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी और अपने परिवार व शहर का नाम रोशन करेंगी।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलना बेहद आवश्यक है, ताकि वे देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
