मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजीकृत वेंडर, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान वेंडरों ने बैंकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बताया कि ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी की जा रही है और कई आवेदन बिना ठोस कारण के निरस्त कर दिए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वाली बैंक शाखाओं की जानकारी तलब की।

डीएम अनुज सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हित बैंकों के खिलाफ उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित ऋण प्रकरणों को एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार निपटाया जाए। साथ ही भविष्य में आने वाले आवेदनों का निस्तारण अधिकतम 15 दिनों के भीतर करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजना का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी और जिला विकास अधिकारी जीवी पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
