अमरोहा। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता योगी सरकार की मनमानी और विफलताओं से मुक्ति चाहती है।उन्होंने कहा कि महंगाई-बेरोजगारी से जहां एक ओर सूबे की जनता कराह रही है, ऊपर से अधिकारियों की मनमानी से जनता त्रस्त है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी बृहस्पतिवार को हसनपुर में पीडीए चौपाल कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर तंज कसे। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक मनमानी को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आम जनता और युवा वर्ग आज गंभीर संकट से जूझ रहा है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने साफ चेतावनी दी कि जनता अब बदलाव चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम उत्तर प्रदेश से भाजपा के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है।
बुधवार देर शाम हसनपुर में समाजवादी पार्टी नेता एवं सभासद बदर कुरैशी के आवास पर आयोजित पीडीए ‘चौपाल’ कार्यक्रम में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, योगी सरकार की नीतियों से जनता पूरी तरह निराश हो चुकी है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। अधिकारी खुलेआम मनमानी कर रहे हैं और सुनवाई नहीं होने से सूबे की जनता परेशान है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आगे बताया कि वह पूरे प्रदेश में भ्रमण कर पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) गठबंधन को मजबूत करने के मिशन पर जुटे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभी से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। जनता का झुकाव तेजी से समाजवादी पार्टी (सपा ) की ओर तेजी से बढ़ रहा है। लोग वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुके हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं ने सपा की नीतियों में पूरा विश्वास जताते हुए पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व विधायक हाजी शब्बन, पार्टी के जिलाध्यक्ष मस्तराम यादव, जिला महासचिव व वरिष्ठ नेता चंद्रपाल सैनी, बदर कुरैशी, आरिफ अख्तर, यूसुफ कुरैशी, जावेद जरताब, रवि शंकर शर्मा, साजिद खान, डॉ. रईस कुरैशी, अरशद चौधरी समेत अनेक सपा नेता
कार्यक्रम के अंत में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अब की बार बदलाव की बारी है। पश्चिम उत्तर प्रदेश से भाजपा की सत्ता का सफाया होगा। जनता योगी सरकार की मनमानी और विफलताओं से मुक्ति चाहती है।
