मुरादाबाद। जनपद में अपराध और अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ठाकुरद्वारा पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि भारी मात्रा में बने व अधबने तमंचे तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में 17 अप्रैल को संयुक्त टीम द्वारा गश्त और चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रतुपुरा मोड़ से पहले एक खाली प्लॉट से गोविन्दा पुत्र रूप सिंह निवासी ग्राम फरीदपुर थाना डिलारी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तीन अवैध देशी तमंचे बरामद हुए।
पूछताछ में गोविन्दा की निशानदेही पर पुलिस टीम ने कस्बा ठाकुरद्वारा के मोहल्ला सूफियान मछली बाजार स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहां से नाजिम और कासिम पुत्रगण शमशाद हुसैन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध शस्त्र बनाने की पूरी फैक्ट्री संचालित होते हुए पकड़ी।
भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद
पुलिस ने मौके से 315 बोर और 12 बोर के तमंचे, 20 अर्धनिर्मित नाल, 14 अधबनी बॉडी, ट्रिगर व हैमर के पार्ट्स सहित ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, आरी, हथौड़े, प्लास, सन्डासी, छेनी और अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा तमंचे तैयार करने में उपयोग होने वाली लोहे की कटी पट्टियां और अन्य सामग्री भी मिली।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त नाजिम और कासिम ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों मिलकर 315 और 12 बोर के अवैध तमंचे तैयार करते थे और आर्थिक लाभ के लिए उन्हें बेच देते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस काम में उनका साथी इकबाल (निवासी फरीदपुर, थाना डिलारी) और रोहित भी समय-समय पर सहयोग करते थे तथा तैयार तमंचों की सप्लाई करते थे। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ मुकदमा
तीनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना ठाकुरद्वारा में मु0अ0सं0 96/2026 के तहत धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
संयुक्त टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार परमार, उपनिरीक्षक ओमपाल सिंह, रजत कुमार के साथ एसओजी प्रभारी अमित कुमार और उनकी टीम सहित थाना ठाकुरद्वारा के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शस्त्र निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके@जफर-INN
