मुरादाबाद। जनपद के भगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिरसवां हरचंद निवासी राजेश कुमार पुत्र सोमनाथ सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिनांक 19 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने घर के पास था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और उसके बाद तमंचों से फायरिंग कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
इन आरोपियों के नाम आए सामने:
पुलिस दस्तावेज के अनुसार इस मामले में निम्नलिखित आरोपियों को नामजद किया गया है –
- पूरन सिंह पुत्र टीकाराम सिंह
- आकाश यादव पुत्र पूरन सिंह
- विशाल यादव पुत्र गजराज सिंह
- अमित यादव पुत्र चन्द्रपाल सिंह
- राजेन्द्र सिंह पुत्र टीकाराम
- सुनील यादव पुत्र महेन्द्र सिंह
- दुष्यन्त यादव पुत्र ओमप्रकाश सिंह
सभी आरोपी ग्राम सिरसवां हरचंद एवं मलवाड़ा (भगतपुर क्षेत्र) के निवासी बताए जा रहे हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से घेर लिया और खुलेआम तमंचों से कई राउंड फायरिंग की। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी तरह पीड़ित ने अपनी जान बचाई और बाद में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी के रूप में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह को नियुक्त किया गया है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को हिरासत में लिया जाएगा।
क्षेत्र में तनाव, पुलिस सतर्क घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा@जफर-INN
