मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र में रविवार देर शाम एक स्क्रैप गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, दमकल विभाग की मुस्तैदी से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात को करीब 8 बजे थाना ठाकुरद्वारा पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड नंबर 7 के मोहल्ला बहेड़ा वाला निवासी हाजी मोहम्मद यामीन के फरीदनगर मुस्तकाम स्थित स्क्रैप गोदाम में आग लग गई है। यह गोदाम दांडी वाले मजार के सामने स्थित है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के लोग सहम गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडे और फायर स्टेशन ऑफिसर ज्ञान प्रकाश शर्मा ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।

घटना के दौरान पुलिस ने भी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और भीड़ को नियंत्रित किया। प्रशासन के अनुसार इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा संकट टल गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या गोदाम में रखी ज्वलनशील सामग्री को संभावित वजह माना जा रहा है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है@जफर-INN
