मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर गंभीर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों द्वारा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दोपहिया वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के स्कूटी से विद्यालय आने पर रोक लगाई जाए। इसके लिए परिवहन विभाग को स्कूलों को विस्तृत गाइडलाइन जारी करने और विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही तय करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि यह केवल अनुशासन का नहीं बल्कि बच्चों की सुरक्षा का गंभीर विषय है, इसलिए नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने एआरटीओ आनंद निर्मल से प्रगति रिपोर्ट ली। जानकारी दी गई कि 779 में से 669 वाहनों का सेफ्टी ऑडिट पूरा किया जा चुका है। जिन वाहनों में खामियां मिली हैं, उनके सुधार के लिए संबंधित स्कूलों को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने आरटीओ स्तर पर होने वाली नवीनीकरण प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व सख्त बनाई जाए।
बैठक में चाइनीज मांझे के उपयोग पर भी सख्ती दिखाते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आमजन के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए इसके खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी सड़कों की गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रंबल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक और थर्मोप्लास्ट पेंट मानकों के अनुरूप लगाए जाएं। साथ ही नेशनल हाईवे पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार के लिए पुलिस, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और प्रशासन की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।

हनुमान मूर्ति चौराहे के रिमॉडलिंग कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने विद्युत विभाग को तत्काल 33 केवी और 11 केवी के पोल एवं केबल शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। वहीं अगवानपुर पुल की क्षति और वहां प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे और अन्य सड़कों पर जलभराव, गंदगी और साइड पट्टियों की समस्या के समाधान के लिए भी सख्त निर्देश दिए। संभल मार्ग पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
बैठक में एडीएम सिटी ज्योति सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
