मुरादाबाद। कानून-व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील व जवाबदेह बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने गुरुवार को जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं, जिन पर एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का समाधान तय समयसीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए, ताकि आमजन का विश्वास पुलिस व्यवस्था पर और मजबूत हो।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जनसुनवाई प्रणाली और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उनका स्पष्ट कहना था कि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से थाने से पुलिस कार्यालय तक भटकना न पड़े, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान उसी स्तर पर हो जाए।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो शिकायतें थाना स्तर पर ही निस्तारित की जा सकती हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर वहीं पर समयबद्ध और संतोषजनक तरीके से हल किया जाए।
