मुरादाबाद। शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर थाना मैनाठेर क्षेत्र के डींगरपुर-असदपुर गांव के पास तेज रफ्तार मिट्टी से भरे डंपर ने पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग एक सामाजिक कार्यक्रम में “भात” देकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे में मौके पर ही दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक एक अन्य मौत की सूचना भी मिल रही थी। दुघर्टना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना मैनाठेर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मुरादाबाद भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण डंपर की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
