केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है और अंग, बंग व कलिंग तीनों क्षेत्रों में पार्टी की सरकार बनेगी। शाह ने कहा कि मतदान प्रतिशत यह दर्शाता है कि लोगों का लोकतंत्र पर विश्वास और भागीदारी दोनों बढ़े हैं। उन्होंने पहले चरण के मतदाताओं का धन्यवाद किया और दूसरे चरण में भी अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
उन्होंने चुनाव आयोग, राज्य पुलिस, सुरक्षा बलों और मतदान कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लोगों ने बिना डर के रिकॉर्ड मतदान किया है, जो बदलाव की ओर संकेत करता है। शाह के अनुसार, “भय से भरोसे” की ओर बंगाल की यात्रा शुरू हो चुकी है और परिवर्तन निश्चित है।
गृह मंत्री ने दावा किया कि उनके फीडबैक के मुताबिक पहले चरण में ही जनता ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि 152 सीटों में से बीजेपी 110 से अधिक सीटें जीतने जा रही है। इस दौरान उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और “आतंक का माहौल” खत्म किया जाएगा।
वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि टीएमसी द्वारा “बाहरी” का मुद्दा उठाया जा रहा है, लेकिन बंगाल का अगला मुख्यमंत्री यहीं का, बंगाली भाषा बोलने वाला और स्थानीय पृष्ठभूमि से होगा—बस वह टीएमसी से नहीं होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी मुख्यमंत्री यह नहीं कह सकता कि महिलाएं शाम के बाद घर से बाहर न निकलें। शाह ने दोहराया कि बीजेपी की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा।
