मुरादाबाद। जनपद पुलिस लाइन्स में होने वाली आरक्षी भर्ती 2025-26 बैच की दीक्षांत परेड को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने रिहर्सल परेड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित इस रिहर्सल में प्रशिक्षु आरक्षियों ने कदमताल, सलामी, दस्ता संचालन और बैंड के तालमेल का अनुशासित प्रदर्शन किया।

वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने परेड की शुद्धता, समन्वय और अनुशासन को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

बताया गया कि मुख्य दीक्षांत परेड 26 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी, जिसमें प्रशिक्षण पूरा कर चुके नव-नियुक्त आरक्षी आकर्षक परेड पेश करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सलामी और निरीक्षण भी किया जाएगा।

रिहर्सल के दौरान मंच, ध्वनि व्यवस्था, बैठने की सुविधा, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा, ट्रैफिक कंट्रोल, पार्किंग और चिकित्सा सेवाओं समेत सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। SSP ने संबंधित शाखाओं को समन्वय के साथ जिम्मेदारियों के निर्वहन के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

साथ ही आमजन और मीडिया से अपील की गई है कि वे कार्यक्रम के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि यह आयोजन जनपद के लिए गौरवपूर्ण और यादगार बन सके।
