राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने और नई राजनीतिक दिशा अपनाने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और भ्रष्ट तत्वों के प्रभाव में आ गई है। राघव चड्ढा ने कहा कि वह अब जनता के बीच जाकर काम करेंगे और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सांसद उनके साथ हैं और वे सभी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे। राघव ने यह भी कहा कि वह राजनीति में करियर बनाने नहीं, बल्कि देश के लिए काम करने आए थे और अब उसी दिशा में आगे बढ़ेंगे।
राघव चड्ढा के अनुसार, जिन सांसदों ने उनका साथ दिया है, उनमें विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल शामिल हैं।
वहीं, संदीप पाठक ने भी पार्टी से अलग होने की पुष्टि करते हुए कहा कि राज्यसभा के कुल 10 सांसदों में से दो-तिहाई उनके साथ हैं और इस संबंध में सभापति को हस्ताक्षर सौंप दिए गए हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन आएगा, लेकिन अब उनका रास्ता अलग है।
संदीप पाठक ने कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से पार्टी से जुड़े थे और उनका उद्देश्य सिर्फ देश के लिए ईमानदारी से काम करना था। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स का धन्यवाद करते हुए कहा कि अब वे नए रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद :
- राघव चड्ढा (पंजाब)
- संदीप पाठक (पंजाब)
- संजय सिंह (दिल्ली)
- अशोक कुमार मित्तल (पंजाब)
- हरभजन सिंह (पंजाब)
- विक्रमजीत सिंह साहनी (पंजाब)
- बलबीर सिंह सीचेवाल (पंजाब)
- स्वाति मालीवाल (दिल्ली)
- एन.डी. गुप्ता (दिल्ली)
- संजीव अरोड़ा (पंजाब)
राघव चड्ढा के मुताबिक उनके साथ जाने वाले सांसद :
- विक्रमजीत सिंह साहनी
- राजेंद्र गुप्ता
- स्वाति मालीवाल
- संदीप पाठक
- राघव चड्ढा
- हरभजन सिंह
- अशोक मित्तल
