अमरोहा। जनपद में खेतों के ऊपर से गुजर रही जर्जर एलटी बिजली लाइनें किसानों के लिए घातक साबित हो रही हैं। शुक्रवार को मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव इब्राहिम माफी में सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 50 वर्षीय जतन सिंह के रूप में हुई है, जो ग्राम प्रधान जबर सिंह के भाई थे। बताया जा रहा है कि जतन सिंह रोज की तरह शुक्रवार शाम करीब चार बजे अपने खेत पर सिंचाई करने पहुंचे थे। उन्होंने ट्यूबवेल चालू किया और खेत में काम करने लगे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही एलटी लाइन का जर्जर तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा।

हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आते ही जतन सिंह मौके पर ही गिर पड़े और बेहोश हो गए। आसपास काम कर रहे किसानों ने उन्हें गिरता देख तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही परिजन भी खेत पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मंडी धनौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से भी लोग अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ लग गई।
ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों की समय-समय पर मरम्मत और देखरेख नहीं की जा रही, जिसके चलते इस तरह के हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जर्जर बिजली लाइनों को ठीक कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
