आम आदमी पार्टी (AAP) में इन दिनों सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के भीतर उठापटक के बीच राघव चड्ढा समेत तीन राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने की खबरों ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है, जबकि चार अन्य सांसदों को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तंज कसते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया। उन्होंने पार्टी छोड़ चुके और छोड़ने की अटकलों में शामिल सात सांसदों की तुलना रसोई में इस्तेमाल होने वाले सात मसालों से की। उन्होंने कहा कि अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया जैसे मसाले किसी व्यंजन का स्वाद बढ़ाते हैं, लेकिन अपने आप में उनका कोई अस्तित्व नहीं होता।
वहीं, बलबीर सिंह ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन प्रतिनिधियों को पंजाब के विधायकों ने चुनकर राज्यसभा भेजा था, उन्होंने जनता और पार्टी के विश्वास को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि उनमें नैतिकता होती तो वे इस्तीफा देकर पार्टी छोड़ते। साथ ही, उन्होंने इसे बीजेपी का ‘ऑपरेशन लोटस’ करार दिया और कहा कि बीजेपी इसी तरह से अन्य दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़ती है।
