मुरादाबाद। जनपद के कांठ थाना क्षेत्र के राजीपुर खादर गांव में एक खौफनाक घटना सामने आई, जहां घर की छत पर सो रही 7 वर्षीय बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के मुताबिक, भीषण गर्मी के चलते बच्ची अपने परिजनों के साथ छत पर सो रही थी। इसी दौरान रात के सन्नाटे में अचानक एक तेंदुआ छत पर आ पहुंचा और सो रही बच्ची को अपना निशाना बना लिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन घबरा गए और तुरंत शोर मचाया। लोगों की आवाज सुनते ही तेंदुआ मौके से भाग निकला।हमले में बच्ची घायल हो गई, जिसे परिजन आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके में जांच शुरू कर दी गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे लोगों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय सतर्क रहें, बच्चों को अकेला न छोड़ें और खुले में सोने से परहेज करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
