गुजरात के नगर निकाय चुनावों में बीजेपी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य के 15 में से 11 नगर निगमों में पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि बाकी चार निगमों में भी वह बढ़त बनाए हुए है। कुल 1044 सीटों में से बीजेपी ने 695 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस 61 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि अन्य दलों को पांच सीटें मिली हैं।
नगरपालिकाओं में भी बीजेपी का दबदबा साफ नजर आया। 2030 सीटों में से बीजेपी ने 1563 सीटों पर कब्जा जमाया, कांग्रेस को 319 सीटें मिलीं और अन्य के खाते में 183 सीटें गईं।
तालुका और जिला पंचायत चुनावों में भी बीजेपी का प्रदर्शन मजबूत रहा। 260 तालुका पंचायतों की 5234 सीटों में से 2110 सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार विजयी रहे। कांग्रेस को 338 और अन्य को 213 सीटों पर सफलता मिली। वहीं, 34 जिला पंचायतों की 1090 सीटों में से बीजेपी ने 503 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 68 और अन्य को 21 सीटें मिलीं।
सूरत नगर पालिका चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी अपना खाता खोल लिया है। वार्ड नंबर 17 में पार्टी के पैनल ने जीत दर्ज की है।
