कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने पहले ही आगाह किया था कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी और अब वही स्थिति सामने आ रही है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एक ही दिन में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसे उन्होंने अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि बताया। उन्होंने इसे “चुनावी बिल” करार देते हुए कहा कि फरवरी से अब तक सिलेंडर की कीमतों में कुल 1,380 रुपये का इजाफा हो चुका है, जो लगभग 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का असर सीधे तौर पर चाय की दुकानों, ढाबों, होटलों, बेकरी और मिठाई कारोबार पर पड़ेगा, जिससे आम लोगों की थाली महंगी होगी। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि गैस के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं, आम आदमी पार्टी की नेता Atishi Marlena ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कमर्शियल सिलेंडर के बाद छोटे सिलेंडर की कीमत में भी 261 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कीमतों को नियंत्रित रखा गया था, लेकिन अब वे तेजी से बढ़ रही हैं। उनके मुताबिक, इसका सबसे ज्यादा असर रेहड़ी-पटरी वालों, मजदूरों और आम जनता पर पड़ेगा।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सिलेंडर महंगा होने का मतलब आम आदमी की रोटी और थाली का महंगा होना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कीमत बढ़ानी ही थी तो सीधे 1000 रुपये बढ़ा देते, 7 रुपये कम करके सरकार किस पर एहसान जता रही है। साथ ही उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक सुस्ती के मुद्दों पर भी सवाल उठाए।
