मुरादाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल द्वारा यूपी-112 मुख्यालय से प्राप्त 12 नई PRV स्कॉर्पियो गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इन अत्याधुनिक वाहनों को फर्स्ट एड बॉक्स, क्राइम प्रोटेक्शन किट तथा अन्य आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी पुलिस सहायता सुनिश्चित की जा सकेगी।

इस अवसर पर SSP सतपाल अंतिल ने कहा कि नई PRV गाड़ियों के शामिल होने से यूपी-112 सेवा और अधिक मजबूत होगी तथा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय (Response Time) में उल्लेखनीय सुधार आएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी वाहन कर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आमजन को समय पर सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नई गाड़ियों के संचालन और उनकी उपयोगिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नई PRV स्कॉर्पियो गाड़ियों के संचालन से न केवल अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी, बल्कि आपातकालीन स्थितियों—जैसे दुर्घटना, झगड़ा या अन्य संकट के समय—पुलिस की पहुंच और दक्षता भी बढ़ेगी। इससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
