मुरादाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे एसएसपी के समक्ष रखीं। प्रत्येक शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामलों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध होना चाहिए, ताकि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिल सके।

इस दौरान एसएसपी सतपाल अंतिल ने विशेष रूप से सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी भरे अंदाज में निर्देशित किया कि जनसुनवाई प्रणाली और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे पीड़ितों को अपनी शिकायत लेकर थाने से लेकर पुलिस कार्यालय तक अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर ही संभव है, उन्हें वहीं प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन का उद्देश्य न केवल शिकायतों का त्वरित समाधान करना है, बल्कि आमजन का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा भी मजबूत करना है। एसएसपी के इस सख्त और सक्रिय रुख से यह संदेश साफ है कि अब फरियादियों की समस्याओं को टालने के बजाय उनका समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।
