मुरादाबाद। पंचायत भवन के सभागार में नवगुरूकुल फाउंडेशन फॉर सोशल वेलफेयर द्वारा कक्षा 12 उत्तीर्ण छात्राओं के लिए एक विशेष कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 250 से अधिक राजकीय विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी रहीं। उन्होंने छात्राओं को मानसिक, भौतिक, आर्थिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

संस्था की ओर से श्री राम और किरण ने छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में बताया। इसमें फाइनेंस, वेब डेवलपमेंट और प्रमुख रूप से बीसीए जैसे कोर्स शामिल रहे। उन्होंने जानकारी दी कि संस्था विभिन्न एनजीओ के सहयोग से इन कोर्सों के लिए छात्रवृत्ति भी उपलब्ध कराती है, जिससे छात्राएं निःशुल्क या न्यूनतम शुल्क पर दाखिला लेकर अपने भविष्य को संवार सकती हैं।
संस्था द्वारा तीन चरणों में टेस्ट आयोजित कर छात्राओं का चयन किया गया है। चयनित छात्राओं को पुणे और बैंगलूर स्थित संस्थानों में निःशुल्क प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ. मनीषा जैन ने किशोरियों को माहवारी से जुड़े स्वास्थ्य और स्वच्छता विषय पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान छात्राओं ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं और विशेषज्ञ से समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में सह-जिला विद्यालय निरीक्षक श्री शतानन्द शर्मा, वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक श्री राकेश चन्द्र मौर्य, डॉ. मुक्ता अग्रवाल, श्री बलवीर सिंह, डॉ. अनुज अग्रवाल, कपिल और सुरजीत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थितये रहे।
यह कार्यशाला छात्राओं के करियर मार्गदर्शन के साथ-साथ उनके मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुई।
