मुरादाबाद। थाना मुगलपुरा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तारिक जिया उर्फ बाबू पुत्र जियाउल हसन के रूप में हुई है, जो थाना मुगलपुरा क्षेत्र के हमसफर शादी हाल के पास घोसियों वाली गली का निवासी है। उसे 5 मई 2026 की देर रात करीब 11:50 बजे गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 421 ग्राम नाजायज चरस बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 से 21 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है।
