मुरादाबाद। आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वयं स्व-गणना कर इसकी शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल माध्यम से होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया से पारदर्शिता और सटीकता बढ़ेगी तथा आमजन को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में स्व-गणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्व-गणना प्रक्रिया में रुचि दिखाई तथा इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें और स्व-गणना के माध्यम से सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।
