मुरादाबाद। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने गुरुवार को जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, महिला उत्पीड़न तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़ी शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन पर एसपी ग्रामीण ने संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

इस दौरान कुंवर आकाश सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र के थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर हल होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

एसपी ग्रामीण ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि पीड़ित को शीघ्र न्याय और राहत दिलाना है। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें, जिससे आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नागरिकों के प्रति बेहतर व्यवहार एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए@जफर-INN
