मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित रुस्तमपुर तिगरी गांव में शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग की घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पैर में गोली लगने से घायल युवक की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार रुस्तमपुर तिगरी निवासी इकरार पुत्र अबरार की बारात बुधवार को ठाकुरद्वारा क्षेत्र की नई बस्ती गई थी, जहां उसका निकाह संपन्न हुआ। निकाह के बाद बारात वापस गांव लौट आई और मेहमानों के ठहरने व दावत का इंतजाम किया गया था।
इसी दौरान मझोला थाना क्षेत्र के गांगन वाली निवासी 22 वर्षीय अरबाज पुत्र अकरम अपने कुछ दोस्तों के साथ शादी में शामिल होने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि अरबाज और उसके साथियों को गांव में एक कमरे में ठहराया गया था, जहां देर रात तक खाना-पीना और पार्टी चल रही थी।
पुलिस के मुताबिक इसी दौरान एक युवक की कमर में रखा अवैध तमंचा अचानक चल गया। गोली अरबाज के पैर में घुटने के ऊपर जा लगी। गोली चलते ही कमरे में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोग घबरा गए।
घटना के बाद परिजन और साथी युवक घायल अरबाज को तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई। बाद में अस्पताल प्रशासन की ओर से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय अरबाज होश में था और उसने पुलिस से बातचीत भी की। हालांकि कुछ घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अरबाज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता अकरम ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गोली पैर में लगी थी और चोट इतनी गंभीर नहीं थी कि जान चली जाए। उनका आरोप है कि गलत इलाज के कारण बेटे की मौत हुई।
भोजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शादी समारोह में मौजूद युवकों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि तमंचा किसका था तथा गोली किन परिस्थितियों में चली@जफर -INN
