लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही भर्ती बोर्ड ने परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी कर दी है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है।
भर्ती बोर्ड द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 12,333 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है। अब चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से गुजरना होगा।
लिखित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी काफी समय से परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे थे। रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम एवं अंतिम उत्तर कुंजी अवश्य देख लें।
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की तिथियां जल्द ही बोर्ड की ओर से घोषित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
