मुरादाबाद। थाना नागफनी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़, विरोध करने पर धमकी देने तथा शिकायत करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक उपनिरीक्षक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, 6 मई को थाना नागफनी में अहसान पुत्र अली हुसैन, रविया पत्नी मोहसीन, सानय पुत्री यासीन तथा नेहा पुत्री अहसान निवासी कहारो का मंदिर, लज्जड़ वाली मस्जिद के पीछे, थाना नागफनी जनपद मुरादाबाद के खिलाफ नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़, धमकी और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में मुख्य आरोपी अहसान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
गुरुवार को थाना नागफनी पुलिस संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी अहसान चाकू लेकर पीड़िता के घर के आसपास घूम रहा है और किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी रामगंगा नदी की ओर भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तभी आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोपी ने उपनिरीक्षक तेजेन्द्र कुमार पर धारदार चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया।
हालांकि पुलिस टीम ने साहस और सतर्कता दिखाते हुए आरोपी अहसान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है। घायल उपनिरीक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
