पटना में BPSC TRE-4 भर्ती को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। छात्रों का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हुए हैं। प्रदर्शन में शामिल महिला उम्मीदवारों ने भी चोट लगने की बात कही है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से TRE-4 भर्ती अधिसूचना जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार देरी की जा रही है, जिससे कई उम्मीदवारों की आयु सीमा समाप्त होने की कगार पर पहुंच गई है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और आयु सीमा में छूट देने की मांग की है।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी सुमित कुमार ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे थे, लेकिन पुलिस कार्रवाई में कई छात्रों को चोटें आईं। वहीं महिला अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि लंबे इंतजार के बाद अब नई परीक्षा प्रक्रिया लागू करने की बात कही जा रही है, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ गई है।
एक अभ्यर्थी सोहम कुमारी ने कहा कि कई छात्रों ने B.Ed और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कर्ज तक लिया है। उनका कहना है कि भर्ती में देरी के कारण मेहनत और उम्र दोनों प्रभावित हो रही हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि शिक्षक समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं और उनकी मांग केवल इतनी है कि TRE-4 भर्ती जल्द जारी की जाए तथा देरी से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत दी जाए।
