मुरादाबाद। पंचायत भवन में शुक्रवार को “नन्ही सी चिड़िया ट्रस्ट” द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग विद्यालयों के लगभग 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैसिया मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगर विधायक रितेश गुप्ता की पत्नी अल्पना गुप्ता ने शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन की सबसे मजबूत नींव होती है और आज के विद्यार्थी ही भविष्य के भारत का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के जरिए हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

डीएम ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने की सलाह देते हुए पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
जिलाधिकारी ने “नन्ही सी चिड़िया ट्रस्ट” के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायी कार्य कर रही है। ऐसे कार्यक्रम प्रतिभाशाली बच्चों को नई ऊर्जा और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन मेधावी छात्रों के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहयोग करता रहेगा।

विशिष्ट अतिथि अल्पना गुप्ता ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
सम्मान प्राप्त करने के बाद बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
