मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट कर अपमानित किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
घटना गांव रनियाठेर की बताई जा रही है। युवक की पहचान रोहित के रूप में हुई है, जो बीडीसी सदस्य भी है। बताया गया कि उसके पिता रामभजन सिंह गांव में राशन डीलर हैं। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें भी तत्काल मौके पर पहुंच गईं। देर शाम तक पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।
महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम के बाद हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक गांव में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। एक कार्यक्रम का आयोजन करणी सेना से जुड़े नेता अखिलेश सिंह कठेरिया द्वारा किया गया था, जबकि दूसरा आयोजन रोहित की ओर से रखा गया था। दोनों कार्यक्रमों में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह भी पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि विधायक के जाने के बाद किसी बात को लेकर रोहित और अखिलेश सिंह के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद अखिलेश सिंह और उसके साथियों ने रोहित के साथ मारपीट की।
वीडियो जारी कर जताई नाराजगी
मारपीट के बाद रोहित ने कथित तौर पर एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि उसके साथ सबके सामने मारपीट कर बेइज्जती की गई है और उसे न्याय नहीं मिलेगा। उसने कहा कि आरोपी प्रभावशाली हैं, इसलिए पुलिस भी उन पर कार्रवाई नहीं करेगी।
इसके बाद रोहित गांव के बाहर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर से भी उसने वीडियो जारी कर कहा कि यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह छलांग लगा देगा।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अखिलेश सिंह कठेरिया के घर पर दबिश दी, लेकिन वह परिवार सहित फरार बताया गया। वहीं, पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने के लिए उसके परिजनों से भी बातचीत कराई। रोहित के पिता से मोबाइल पर उसकी बात भी कराई गई और उसे बताया गया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद देर रात तक युवक टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ था। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार उसे सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास कर रही थीं।
