मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग, टोल प्लाजा पर राजस्व हानि, अवैध चरस तस्करी, मोटरसाइकिल चोरी तथा घर में चोरी जैसे मामलों में कार्रवाई की है।
बिलारी पुलिस ने 24 आरोपियों को किया गिरफ्तार
थाना बिलारी पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा टोल प्लाजा को फ्री कराकर राजस्व की हानि पहुंचाने के मामले में 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया।

मझोला पुलिस ने अवैध चरस के साथ 3 आरोपियों को दबोचा
थाना मझोला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध चरस बरामद की है। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लाते थे और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
थाना बिलारी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है।

सिविल लाइन पुलिस ने घर में चोरी करने वाले दो आरोपी पकड़े
थाना सिविल लाइन पुलिस ने घर में चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी से संबंधित सामान भी बरामद किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
