मुरादाबाद। थाना भोजपुर पुलिस ने जमीन विवाद के दौरान मारपीट, गाली-गलौज और फायरिंग करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार मामला थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम सिढलऊ नजरपुर का है। इस संबंध में दिव्यांशु चौधरी पुत्र ऋषिपाल सिंह निवासी ग्राम सैदपुर खद्दर थाना सिविल लाइन ने मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव सिढलऊ नजरपुर निवासी शाकिर पुत्र रहीश शाह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी जमीन पर तोड़फोड़ की।
विरोध करने पर आरोपियों ने वादी और उसके मौसेरे भाई गोविंद के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग भी की।
घटना 20 फरवरी 2026 की रात करीब 9:07 बजे की बताई गई है, जबकि पुलिस को सूचना रात 10:41 बजे प्राप्त हुई थी।
मामले में थाना भोजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साबिर पुत्र रहीश शाह निवासी ग्राम सिढलऊ नजरपुर थाना भोजपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शाकिर पुत्र रहीश शाह, माहिल पुत्र मुनाजिर और सद्दाम पुत्र शाकिर अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(4), 352, 351(3), 3(5), 115(2) और 109(1) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
गिरफ्तारी उपनिरीक्षक जोनसन कुमार ने पुलिस टीम के साथ 8 मई 2026 की रात करीब 10:50 बजे की। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है@जफर-INN
