मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर के मोहल्ला खद्दर बाजार स्थित रज़ा मस्जिद में जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की सरपरस्ती नगर इमाम मौलाना हनीफ मिस्बाही ने की। इसमें नगर की विभिन्न मस्जिदों के इमामों और उलमा-ए-किराम ने भाग लेकर आयोजन को लेकर अपने सुझाव रखे। भोजपुर चेयरमैन के पुत्र अर्शमान अख्तर भी बैठक में विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में जुलूस को अनुशासित, शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उलमा-ए-किराम ने जुलूस के मार्ग, समय-सारणी, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। अर्शमान अख्तर ने आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

नगर इमाम मौलाना हनीफ मिस्बाही ने सभी लोगों से आपसी एकता, भाईचारे और सौहार्द के साथ जुलूस निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान नियमों का पालन करना तथा अनुशासन बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मौलाना अशफाक, अब्दुल वाजिद, मुफ्ती हाशिम, कारी रियासत, मुफ्ती गयासुद्दीन, हाफिज इरशाद, एजाज अहमद, शफीक अंसारी, सद्दाम अत्तारी आदि मौजूद रहे@जफर/INN
