मुरादाबाद। जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने नवीन मंडी मझोला स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, खरीद प्रक्रिया तथा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र पर गेहूं की तौल, गुणवत्ता परीक्षण, भुगतान प्रक्रिया और रिकॉर्ड संधारण की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीद प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों के गेहूं का भुगतान समयबद्ध तरीके से उनके खातों में भेजा जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में 19 मोबाइल क्रय केंद्रों सहित कुल 70 गेहूं क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की जा रही है।

जिलाधिकारी ने केंद्र पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

डीएम ने कृषकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने गेहूं की बिक्री केवल अधिकृत क्रय केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप करें, ताकि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों को बिचौलियों से सावधान रहने और सीधे सरकारी खरीद केंद्रों पर ही उपज बेचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। सभी क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होती रहे।
