मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग द्वारा आयोजित पीजीटी परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने रविवार को परीक्षा केंद्र आर.एन. इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, पारदर्शिता और आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा गोपनीयता संबंधी प्रबंधों की समीक्षा की। साथ ही केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर मौजूद व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
