मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित हाई स्ट्रीट पर निर्माणाधीन एक बड़े प्रोजेक्ट में रविवार को 7 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों और वहां काम कर रहे मजदूरों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान नजरुल (7 वर्ष) पुत्र हसीब के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि नजरुल पिछले पांच दिनों से लापता था। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। शनिवार को हाई स्ट्रीट पर बन रहे एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट परिसर में सेफ्टी टैंक में बच्चे का शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट शहर के एक नामी आर्किटेक्ट-बिल्डर से जुड़ा हुआ है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मजदूर एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बच्चे के गायब होने और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
