लखनऊ। सोमवार को ठाकुर रामवीर सिंह ने विधान भवन में आयोजित उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रतिनिहित विधायन समिति की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता सभापति राजीव सिंह ने की।

बैठक में राज्य कर विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सरल एवं जनहितकारी बनाने के साथ-साथ राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। समिति के सदस्यों ने राज्य के विकास को गति देने, व्यापारिक प्रक्रियाओं को सुगम बनाने तथा कर सुधारों के माध्यम से बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने को लेकर अपने सुझाव भी रखे।
बैठक के दौरान डिजिटल प्रणाली को बढ़ावा देने, कर संग्रह व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों और व्यापारियों को होने वाली समस्याओं के समाधान पर भी विचार-विमर्श हुआ। साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं निर्णय लिए गए।

ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था में सुधार से न केवल राजस्व बढ़ेगा बल्कि व्यापारिक वातावरण भी मजबूत होगा, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के विकास को मिलेगा।
बैठक को प्रदेश में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था, आर्थिक मजबूती और पारदर्शी शासन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
