मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में जमीन और दुकान पर कब्जे को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। महिला ने कुछ लोगों पर फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर करोड़ों की संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में अदालत के आदेश पर भोजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता मेहजाब पत्नी परवेज अली निवासी नवापुर कला, थाना भोजपुर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि मुख्य बाजार में स्थित दुकान और गाटा संख्या 516 की भूमि पर विपक्षी पक्ष ने फर्जी तरीके से दावा कर लिया। महिला का कहना है कि संपत्ति उनके परिवार की है, लेकिन आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज और फर्जी हस्ताक्षर के जरिए कब्जा करने की साजिश रची।
एफआईआर के मुताबिक आरोपियों पर फर्जी बैनामा तैयार कराने, फर्जी फोटो और हस्ताक्षर लगाने तथा दस्तावेजों का दुरुपयोग कर कब्जा करने की कोशिश का आरोप है। महिला ने यह भी कहा कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
मामले में जाहिद, मुशाहिद, जहांगीर आलम, बाबू, चंगेज़ खान और जाकिर को नामजद किया गया है। अदालत के निर्देश पर भोजपुर पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना की जिम्मेदारी एसआई शराफत हुसैन को सौंपी गई है।
पीड़िता का आरोप है कि पहले भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब कोर्ट के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज होने से मामले ने तूल पकड़ लिया है। इलाके में इस प्रकरण को लेकर चर्चाएं तेज हैं@जफर-INN
